स्कूल गई तीन किशोरियां रहस्यमय ढंग से हो गई थीं लापता, गुमशुदगी दर्ज कर तलाश रही थी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के कठवार-मुरधुरा गांव से शनिवार को स्कूल जाने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुईं तीन किशोरियों को पुलिस ने खोज निकाला। तीनों ट्रेन से जाते समय रास्ते में मिले दो युवकों से दोस्ती के बाद गुड़गांव पहुंच गई थीं। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस गुड़गांव से तीनों को लाने के लिए रवाना हो गई है।
तीनों किशोरियों में एक हाईस्कूल और दो नौवीं की छात्राएं हैं। शनिवार को वे एक साथ विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थीं। विद्यालय की छुट्टी के बाद जब वे घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह परिजन लालगंज थाने पहुंचे और तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि तीनों किशोरियां ट्रेन से जा रही थीं। ट्रेन में उन्हें दो युवक मिले। इनमें एक युवक मेजा और एक लालगंज क्षेत्र का था। जान-पहचान हो गई। इसके बाद पांचों नौकरी के लिए हरियाणा के गुड़गांव पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि गुड़गांव में जिस कंपनी में वे गए, वहां किसी विवाद के बाद कंपनी वालों ने सभी को बैठा लिया। परिवार का नंबर मांगने पर नहीं मिला। एक युवक के पास मिले नंबर से कंपनी के लोगों ने परिवार से संपर्क कर सूचना दी। इसके बाद सूचना लालगंज पुलिस को मिली। गुड़गांव पुलिस की मदद से सभी को खोज लिया गया है। तीनों किशोरियों को वापस लाने के लिए लालगंज पुलिस गुड़गांव गई है।