मिर्जापुर,विंध्याचल। विंध्याचल स्थित अष्टभुजा डाकबंगले पर ग्राम्य विकास समग्र ग्राम विकास चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग राज्यमंत्री महेंद्र सिंह ने शनिवार को बैठक किया। जिसमें सरकार द्वारा जिले में किए जा रहे विकास कार्यो की बिंदुवार समीक्षा किया। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों को ही दिलाया जाए। आवास के नाम पर प्रधानों द्वारा वसूली करने की शिकायत मिल रही है, ऐसे प्रधानों को चिंहित करके एफआईआर दर्ज कराया जाए। कहा कि एनआरएलएम के तहत अधिक से अधिक समूह बनाकर लोगों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराए। विकास कार्यो में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तार से समीक्षा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016-17 के प्रधानमंत्री आवासों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही वर्ष 2017-18 के आवासों का रजिस्ट्रेेशन कराना और उनका जीओ टैगिंग कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत गांव में ही ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने की कवायद की जा रही है। ग्रामीण स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में कोई अनियमितता नहीं मिले अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यो को ईमानदारी से किया जाए।
राज्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को आजीविका योजना के तहत प्रोत्साहित करें जिससे अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। प्रधानमंत्री सड़क योजना की समीक्षा किया और कहा कि मानक के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाए। पेयजल की समस्या को दुरुस्त करने के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजा जाए, जिससे धनराशि आवंटित किया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने जिले में हो रहे विकास कार्यो की जानकारी दी। इस दौरान पीडी हरिचरण सिंह, डीसी मनरेगा प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम संजय कुमार पांडेय, डीडीओ मनोज राय, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।