मिर्जापुर। जिले की संसदीय सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी ने पार्टी के घोषणापत्र को सामाजिक समरसता की गारंटी बताया है। भरूहना स्थित एक लाज में शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में युवाओं के लिए उद्योग धंधे लगवाना उनकी प्राथमिकता है।
जिले के मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ललितेश पति ने आरोप लगाया कि सांसद ने जिले के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा सरकार ने जरूर जिले में कुछ काम किया है। उन्होंने कहा कि इस जिले के लिए यदि किसी ने कुछ किया तो उनके पितामह लोकपति त्रिपाठी ने। उनका काम आज भी दिखाई देता है जबकि उस समय संसाधन बहुत ही कम थे। उसके बाद पूर्व भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने भी काम किया। लेकिन इस पंचवर्षीय में जिले में कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जिले में मेगा फूड पार्क और फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगवाने का वह वादा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री के संसदीय क्षेत्र में न तो गंगा ही शुद्ध हुई और न ही गंगा पर बने पुल की मरम्मत हो सकी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय योजना के जरिए युवाओं व गरीब तबकों के लिए आधारभूत काम करेगी। जिस प्रकार से मनरेगा आज भी लोगों की मदद कर रही है। उसी प्रकार से न्याय योजना भी मील का पत्थर साबित होगी।