जमालपुर। स्थानीय विकास खंड के गांव ओडीएफ तो हो गए लेकिन शौचालय के निर्माण के बाद उनका भुगतान नहीं हुआ। बकाए की मांग को लेकर आए दिन लाभार्थी ग्राम प्रधान और ब्लाक मुख्यालय का चक्कर काट रहे हैं फिर भी भुगतान नहीं हो रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
बता दें कि जमालपुर क्षेत्र के 99 ग्राम पंचायत में लाभार्थी शौचालय निर्माण कार्य करवाकर भुगतान की राह देख रहे हैं। कई माह से ब्लाक मुख्यालय पर लाभार्थी अधिकारियों से फरियाद कर रहे हैै लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों की मानें तो 12 हजार की जगह मात्र छह हजार देने की बात कर रहे हैं। क्षेत्र के मठना, हरिहरपुर, धारा, देवरिया, जमालपुर, युसुफपुर, बिसौराकला, दौलताबाद, भोकरौध, महुआबारी, मुडहुआ सहित अन्य ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी के मिलीभगत से भुगतान नहीं किया जा रहा है। ग्राम पंचायत धारा की शकुंतला देवी शौचालय का निर्माण कराकर पांच माह से भुगतान के लिए ब्लाक मुख्यालय का चक्कर काट रही है। एडीओ पंचायत रामवृक्ष पाल को पत्रक भी दिया फिर भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। मजे की बात है कि उसी गांव के ग्राम पंचायत अधिकारी भी तब भुगतान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान न हुआ तो लाभार्थी ब्लाक मुख्यालय पर धरना और प्रदर्शन के लिए विवश होंगे। खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं था। जांच कराकर लाभार्थियों का शीघ्र भुगतान कराया जाएगा।