चुनार (मिर्जापुर)। पं दीनदयाल उपाध्याय योजना के नाम से संचालित नगर पालिका क्षेत्र के बहरामगंज व दुमदुमा में पक्की नाली, खरंजा का निर्माण कार्य प्रगति पर है। नगर पालिका की अतिक्रमित सार्वजनिक जमीनों व अन्य विभिन्न मार्गों के पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तो की गई लेकिन अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई न होने से स्थिति जस की तस हो गई है।
बाजार में पार्किंग की व्यवस्था न होने से खरीददारी करने आए लोग मुख्य बाजार में वाहन लेकर चले जाते हैं, जिससे आए दिन बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। डॉ. भागवत सिंह का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों व मार्ग की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को मुक्त कराने के लिए पालिका प्रशासन को सख्त कदम उठानी चाहिए। वरिष्ठ साहित्यकार कमलेश्वर कमल का कहना है कि पालिका क्षेत्र में खाली पड़े सार्वजनिक स्थानों पर पार्कों का निर्माण कराकर उसका सुंदरीकरण कराया जाना चाहिए।