मिर्जापुर। नगर के तरकापुर वार्ड में नगर पालिका की लापरवाही से नलों से गंदा पानी निकल रहा है। गंदे पानी को पीने के लिए स्थानीय लोग मजबूर हैं, जिससे लोगों में खासा रोष व्याप्त है। गंदा पानी निकलने से परेेेशान और नाराज लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया और समस्या के समाधान की मांग की।
तरकापुर के भाईलाल ने कहा कि पाइप लाइन में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गंदा पानी पीने से परिजन और बच्चे बीमार हो रहे हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष को कई बार पत्र भेज कर अवगत कराया गया है, लेकिन आज तक कोई ठोस व कारगर कदम नहीं उठाया गया है। तरकापुर के दशरथ, सोनी खां, नाजमा, गुलाम, गनेश, बिट्टो, पप्पू पासी, खालिक, शरीफ, पप्पू धइकार, हीरा लाल, महेश सोनकर, पार्वती देवी, शहनाज आदि ने सोमवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। उन्होंने जिला प्रशासन को पत्रक देकर स्थायी समाधान की मांग की। स्थानीय लोगों ने मांग किया कि पाइप लाइन की जांच करा कर नगर पालिका तत्काल दुरुस्त कराए। साथ ही पाइप लाइन दुरुस्त नहीं होने पर आंदोलन और धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दिया।