मिर्जापुर। जिले में शनिवार को हुई टीजीटी जीव विज्ञान की परीक्षा से बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने किनारा कर लिया। जिले के छह केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 1340 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिले के राजकीय इंटर कॉलेज, मान्यवर कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शिव इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज और मिश्रीलाल इंटर कॉलेज में परीक्षा एक पाली में सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक कराई गई। सबसे अधिक 384 परीक्षार्थी राजकीय इंटर कॉलेज में थे। हालांकि इनमें से 117 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। 267 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार आर्यकन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रीता वर्मा ने बताया कि उनके केंद्र पर 288 में से सिर्फ 64 परीक्षार्थी ही उपस्थित रहे। इसी प्रकार कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 172, श्री शिव इंटर कॉलेेज में 254, आदर्श इंटर कॉलेज में 215 और मिश्रीलाल इंटर कॉलेज में 208 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुल 1975 परीक्षार्थियों में से 635 ही उपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार चक्रमण करते रहे।