मिर्जापुर । नगर के महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कालेज में नौ फरवरी को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस दौरान सात मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह होगा। अन्य जोड़ों के लिए 60 वेदियां बनाई गई हैं।
शुक्रवार को समारोह के नोडल अधिकारी एडीएम राजितराम प्रजापति ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मौसम के रुख को देखते हुए पंडाल लगाने वालों को निर्देशित किया कि वे बरसात को देखते हुए लोग सुरक्षित रहें, ऐसी व्यवस्था करें। रास्ते पर कीचड़ न हो इसके लिए मौरंग डालने का निर्देश दिया। साथ ही विवाह स्थल पर बनी वेदियों का भी निरीक्षण किया। एक वेदी पर पांच जोड़ों का विवाह कराने की व्यवस्था की गई है। मुस्लिम जोड़ों के लिए मौलवी की व्यवस्था की गई है। सभी लोग विवाह स्थल पर ही एकत्र होंगे और वहीं पर विवाह होगा। एडीएम ने समारोह स्थल पर पानी की व्यवस्था व अस्थायी शौचालय आदि की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। समाज कल्याण विभाग की ओर से इस सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में कारीगर व श्रमिक पंडाल लगाने में जुटे रहे। कई विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस आयोजन के लिए चार जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।