मिर्जापुर। लोगों का अपना घर बनवाने का सपना अब जल्द ही पूरा होगा। आवास बनवाने के लिए नगर पालिका क्षेत्र में 2442 लाभार्थियों का चयन किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को ढाई लाख रुपया मिलेगा।
नगरीय विकास अभिकरण सूडा द्वारा आवासहीन लोगों को उनका घर देने की कवायद में जुटा हुआ है। इसके लिए प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत नगर पालिका और नगर पंचायत में लोगों द्वारा आवेदन किया गया था, जिसमें नगर पंचायत कछवां में 1212, नगर पालिका चुनार में 4965 तथा अहरौरा में 1953 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। ऑनलाइन आवेदन पत्रों के सत्यापन के बाद नगर पंचायत कछवां में 301, नगर पालिका चुनार में 1866 तथा नगर पालिका अहरौरा में 275 का चयन किया गया। इस तरह जिले में कुल 2442 लाभार्थियों का चयन किया गया है। अवर अभियंता रामजी उपाध्याय ने बताया कि लाभार्थी निर्धारित प्रारूप पर 100 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथपत्र 22 अगस्त तक जमा कर दें। बताया कि हर मकान में नौ वर्ग मीटर का बैठक, 6.50 वर्ग मीटर का शयनकक्ष, 2.4 वर्ग मीटर की रसोई, 0.90 वर्ग मीटर का शौचालय, 1.20 वर्ग मीटर का स्नानागार तथा 1.20 वर्ग मीटर का संयुक्त शौचालय व स्नानागार बनवाना होगा। मानचित्र के अनुरूप निर्माण कार्य करवाना जरूरी है। निर्माण की प्रगति व कार्य के अनुसार किस्तों में धनराशि प्रदान की जाएगी।
इनसेट
इसके लिए प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 2442 लाभार्थियों का चयन किया गया है। उनके खाते में पहली किस्त एक लाख, दूसरी किस्त एक लाख और 50 हजार की अंतिम किस्त निर्धारित समय पर आवास निर्माण पूरा कराने पर भेजा जाएगा।- उषा त्रिपाठी ,परियोजना अधिकारी