हलिया। हलिया-लालगंज मार्ग पर बसुहरा गांव स्थित सुसुआड नाला के पास रविवार को दोपहर में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटने से चालक समेत उस पर सवार 12 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पीएचसी पहुंचाया गया।
ई-रिक्शा से चालक समेत 12 लोग तिलाव से हलिया जा रहे थे। हलिया-लालगंज मार्ग पर बसुहरा गांव स्थित सुसुआड नाला के पास ई-रिक्शा पर लदे झाड़ू गिरने लगे तो चालक एक हाथ से झाड़ू पकड़ने लगा। तभी असंतुलित हो कर ई-रिक्शा पलट गया। इस हादसे में सहजी गांव निवासी 28 वर्षीय सरोजा देवी, छह वर्षीय दिव्यांशू, बरुआ निवासी 28 वर्षीय काजल, चार वर्षीय राधा, एक वर्षीय बाबा, सहजी उरुआ गांव निवासी 27 वर्षीय विटोला, पांच वर्षीय स्वाति, दो वर्षीय प्रियांशु, हरसड़ गांव निवासी 60 वर्षीय नन्हकी देवी, 26 वर्षीय उर्मिला, तिलाव गांव निवासी 35 वर्षीय चालक राम प्रसाद, 30 वर्षीय सरिता घायल हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस से घायलों को पीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉ. चिकित्सक विवेक खरे ने घायलों का इलाज किया। सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।