मिर्जापुर। सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने शनिवार को सिटी विकास खंड के कई ग्राम पंचायत का दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत में लेफ्ट आउट बेस लाइन (एलओबी) के तहत निर्मित शौचालयों को देखा। बिहारी गांव में शौचालय निर्माण कार्य प्रारंभ न होने पर ग्राम प्रधान समेत सचिव को न सिर्फ फटकार लगाई बल्कि चेतावनी दी। कहा शीघ्र कार्य न प्रारंभ होने पर कार्रवाई की जाएगी।
एडीओ पंचायत सबसे पहले अनंतरामपट्टी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि ग्राम पंचायत में एलओबी के तहत कुल 32 शौचालय आवंटित किए गए थे। चौदह शौचालयों के निर्माण कार्य पूर्ण कर दिए गए थे शेष पर कार्य जारी रहा। इसी तरह वे संडवा में निरीक्षण के दौरान आवंटित 32 शौचालय के निर्माण के लिए मौके पर महज दो श्रमिकों को कार्य करते देख नाराजगी जताई। मानक के अनुरूप, शौचालय और गड्ढे न पाए जाने पर ग्राम प्रधान और सचिव को चेतावनी देते हुए मानक के अनुरूप शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। बिहारी में आवंटित 48 शौचालय के सापेक्ष 24 का धन दिए जाने के बावजूद एक भी शौचालय का निर्माण न देख उन्होंने ग्राम प्रधान और सचिव को फटकार लगाते हुए शीघ्र ही शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। एडीओ पंचायत ने ब्लाक कोआर्डिनेटर और स्वच्छताग्राहियों से मौके पर उपस्थित हो शौचालय निर्माण कार्य पर नजर रखे जाने की बात कही। इस दौरान, बीसी विभा बिंद, मनीष पांडेय समेत संबंधित ग्राम प्रधान और सचिव मौजूद रहे।