मिर्जापुर। नगर निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में जिला प्रशासन जुट गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय परिसर में चुनाव में प्रयुक्त होने वाले सामग्री की छटाई व पैकिंग का काम चल रहा है। नगरीय निकाय चुनाव के लिए निदेशक सेवायोजन रविशेखर आनंद को प्रभारी बनाया गया है। उनकी निगरानी में मतदान के लिए रवाना होने वाली पार्टी के लिए निर्वाचन सामग्री तैयार की जा रही है।
नगर निकाय चुनाव तीन नगर पालिका परिषद मिर्जापुर, अहरौरा, चुनार व नगर पंचायत कछवां में होना है। इसके लिए निर्वाचन विभाग द्वारा 100 वार्डों के 99 मतदान केंद्रों के 332 बूथों पर चुनाव होना है। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के 38 वार्डों के 246 बूथ, चुनार के 25 वार्डों के 45 बूथ, अहरौरा के 25 वार्ड के 25 बूथ और नगर पंचायत कछवां के 12 वार्डों के 16 बूथों पर मतदान होना है। इसके लिए स्टेशनरी तैयार की जा रही है। स्टेशनरी तैयार करने में काफी सावधानी बरती जा रही है। नगर निकाय चुनाव में मिर्जापुर एक लाख 90 हजार 64, चुनार में 30 हजार 509, अहरौरा में 18 हजार 808 तथा नगर पंचायत कछवां में 12 हजार 322 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस दौरान गोपाल प्रसाद, केके कुशवाहा, आनंद कुमार, महेश कुमार, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।