संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। खिर्वा रोड पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की सोमवार को उपचार के दौरान मेरठ के निजी अस्पताल में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, खिर्वा नौआबाद निवासी सावन कुमार (32) पुत्र राजकुमार रविवार की रात करीब 9:30 बजे अपनी स्प्लेंडर मोटर साइकिल से सरधना जा रहा था। आरोप है कि गांव जाफरनगर बेगमाबाद के पास खिर्वा रोड पर अल्टो कार के चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सावन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उनका बायां पैर कई जगह से टूट गया था, जिसके बाद उन्हें मेरठ के कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। पीड़ित पक्ष ने कार चालक के खिलाफ सरधना थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं, गांव में युवक की मौत की सूचना से परिवार में शोक छा गया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
-