सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव रामपुर मोती निवासी प्रवीण उर्फ काले (18) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रवीण बृहस्पतिवार की रात सोने के लिए अपने कमरे में गया था। शुक्रवार की सुबह जब देर तक सोकर नहीं उठा तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई। कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। प्रवीण अपने बिस्तर पर बेसुध पड़ा हुआ था। परिजनों ने किसी तरह गेट खोला और युवक को गांव में ही चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रवीण दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी पांच बहन हैं। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला का कहना है कि परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।