ट्यूबवेल में नहाते समय करंट से युवक की मौत
हस्तिनापुर। गांव सराय खादर में ट्यूबवेल के पानी में करंट आने से नहा रहा युवक करंट की चपेट में आ गया। झुलसी अवस्था में युवक को सीएचसी पर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव सराय खादर निवासी अंकुल (19) पुत्र मूलचंद शनिवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर चल रही ट्यूबवेल पर नहाने के लिए गया। नहाते समय अचानक पानी में करंट दौड़ पड़ा, जिसकी चपेट में अंकुल आ गया। ग्रामीण ट्यूबवेल पर पहुंचे तो उन्हें अंकुल बेसुध अवस्था में ट्यूबवेल के पानी में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकुल तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। माता रज्जो और पिता मूलचंद रो-रोकर बुरा हाल था। यही कह रहे थे कि उनकी उम्मीद सिर्फ अंकुल पर ही थी। बड़ा भाई राहुल पंजाब में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों ने बताया कि अंकुल पढ़ाई में काफी होशियार था। वह मॉडर्न इंटर कॉलेज रामराज में पढ़ रहा था। इस वर्ष कक्षा 10वीं उसने प्रथम श्रेणी में पास की।