संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। नारंगपुर रजबहे की पटरी पर मंगलवार देर रात किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रोहटा थाना क्षेत्र के गांव थिरोठ निवासी केशव पुत्र राजकुमार मंगलवार देर रात बाइक से रजबहे की पटरी से होकर गुजर रहा था। बताया गया कि नारंगपुर गांव के सामने नाले के पुल के पास सामने से आ रहे किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में केशव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायल को सीएचसी रोहटा में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।