संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गढ़ रोड स्थित हनी क्रिकेट एकेडमी में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को ट्रांसलेम क्रिकेट एकेडमी और हनी क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच खेला गया। इसमें हनी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने सात विकेट से शानदार जीत प्राप्त की।
ट्रांसलेम क्रिकेट एकेडमी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 28.4 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 178 रन की पारी खेली। टीम की ओर से देवांश ने 38 गेंद पर 51 रन और एकांश ने 34 गेंद पर 28 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में मोहम्मद अरमान, प्रियांश तोमर ने तीन-तीन, आदियां, आजाद और आवेश ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हनी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 28.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाकर सात विकेट से मैच जीता। टीम की ओर से उज्ज्वल उपाध्याय ने 95 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उज्जवल ने 13 चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा देव ने 22 और मोहम्मद हसन ने 20 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अनुज ने दो और कविश ने एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच उज्जवल को चुना गया। इस मौके पर कोच दीपक सिद्धू ने दोनों टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।