मेरठ शहर को सिंथेटिक ट्रैक की सौगात मिली है। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में इस ट्रैक के लिए शासन ने चार करोड़ 28 लाख 80 हजार रुपये मंजूर किए हैं। इसके साथ ही मेरठ के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। कच्चे ट्रैक पर अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों में लंबे समय से चली आ रही यह मांग पूरी होने से खुशी का माहौल है।
खेल प्रतिभाओं की धरती मेरठ में खेलों के लिए सुविधाएं बढ़ने का क्रम जारी है। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम सैकड़ों एथलीट प्रतियोगिताओं की तैयारी करते हैं। कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किए हैं। ऐसे में खिलाड़ी अभी तक कच्ची जमीन पर तमाम मुश्किलों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे एथलेटिक्स कोच लंबे समय से सिंथेटिक ट्रैक की मांग कर रहे थे। खिलाड़ियों के दर्द को कई बार सांसदों और विधायकों के सम्मुख उठाया गया। अब सिंथेटिक ट्रैक मिलने से खिलाड़ियों को सुविधा के साथ उनका हौसला भी बढ़ेगा।
सिंथेटिक ट्रैक की मांग लंबे अरसे से चली आ रही थी। इसके बनने से खिलाड़ियों को बहुत सुविधा मिलेगी। उन्हें अभ्यास करने के लिए दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। खिलाड़ियों की प्रतिभा और निखरेगी। - गौरव त्यागी, एथलेटिक कोच, कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम
सांसद राजेंद्र अग्रवाल का कहना है कि बहुत समय से सिंथेटिक ट्रैक की मांग की जा रही थी। इसकी जरूरत भी थी। इसके लिए प्रयास किए गए और अब मुख्यमंत्री ने इसके लिए धन जारी कराया है। यह खुशी की बात है। इससे खिलाड़ियों को फायदा होगा।
खिले खिलाड़ियों के चेहरे
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनना खिलाड़ियों के लिए बहुत अच्छा होगा। अब और बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकेंगे और अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकेंगे। इससे मेडल लाने वालों की संख्या बढ़ेगी। - किरण बालियान, एथलीट
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक के होने से हमें काफी लाभ मिलेगा। हम अच्छे से अभ्यास कर सकेंगें। जिसके लिए दो से तीन घंटे का समय लगता है। वह अभ्यास जल्दी और ठीक प्रकार से हो सकेगा। - रवि कुमार, पैरा एथलीट
यह भी पढ़ें: UP : दुल्हन की खुली ऐसी पोल, दूल्हे के उड़ गए होश, पूरा मोहल्ला भी हैरान, शादी के तीन दिन बाद हुई रफूचक्कर