मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में चल रही डिप्टी सीएम की सभा में एक महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया। महिला ने थाना पुलिस के साथ ही एक जनप्रतिनिधि व कई अन्य पर गंभीर आरोप लगाए और आत्महत्या की धमकी देते हुए अपने कथित पति की बरामदगी की मांग की। किसी तरह महिला को समझा-बुझाकर शांत करते हुए सभा से बाहर लाया गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली शैली वत्स कई माह से अपने कथित पति मोहित गर्ग की तथाकथित गुमशुदगी का आरोप लगाते हुए उसकी बरामदगी के लिए थाने व अफसरों के चक्कर काट रही है। पुलिस महिला को मनोरोगी मानते हुए उसके कथित पति के अपने घर पर ही होने का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद महिला आए दिन कलक्ट्रेट, पुलिस ऑफिस, शहर विधायक व थाने पर हंगामा करती रहती है।
शुक्रवार को उक्त महिला भोपा रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में चल रही डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की सभा में जा पहुंची और हंगामा करते हुए उनसे मिलने की मांग करने लगी। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह हंगामे पर उतर आई और थाना पुलिस के साथ ही अफसरों, जनप्रतिनिधि समेत कई अन्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। महिला के हंगामे को देख पुलिस-प्रशासन के होश उड़ गए।
आनन-फानन में महिला पुलिसकर्मियों को भेजकर उक्त महिला को सभा स्थल से बाहर ले जाया गया, जिसके बाद उसे एक तरफ ले जाकर बमुश्किल समझाबुझाकर शांत करते हुए वहां से रवाना किया गया। इसके बाद ही पुलिस ने राहत की सांस ली। नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं है, जिसके चलते वह आए दिन इसी तरह हंगामा करती रहती है। उसे समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/