पुलिस चौकी के पास टेंपो में महिला से छेड़छाड़
- हापुड़ रोड की ओर जा रही थी पीड़िता, आरोपी हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। महानगर में मनचलों का खौफ जारी है। शनिवार को भी जाकिर कालोनी पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर टेंपो में महिला से छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता की गई। बाद में आरोपी युवक फरार हो गए। महिला ने काफी देर हंगामा भी किया, मगर पुलिस नहीं पहुंची।
खरखौदा क्षेत्र के लोहियानगर की रहने वाली यह महिला शनिवार को टेंपो में हापुड़ अड्डे की ओर जा रही थी। आरोप है कि टेंपो में बैठे चार युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो युवकों ने उसके साथ अभद्रता की और टेंपो में ही उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया। बाद में आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। महिला ने शोर मचाकर टेंपो बीच सड़क पर रुकवाया और हंगामा किया। महिला के काफी देर तक हंगामा करने के बाद भी जब पुलिस नहीं पहुंची। तो आसपास के दुकानदारों ने पहुंचकर उन्हें समझाया। पीड़िता बिना किसी कार्रवाई के ही वापस लौट गई।
---------
युवती को कई दिन से परेशान कर रहा मनचला
मेरठ। लिसाड़ीगेट क्षेत्र की श्यामनगर निवासी युवती ने बताया कि पड़ोस का एक युवक पिछले कई दिन से परेशान कर रहा है। स्कूल जाते समय उसका पीछा करता है और छेड़छाड़ करता है। युवती ने परिजनों के साथ पहुंचकर पिलोखेड़ी चौकी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर दबिश दी, लेकिन इससे पहले ही वह फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। संवाद