बहसूमा। मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर हरियाली पेट्रोल पंप के पास सड़क में गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होने के कारण सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर के मीरापुर कस्बा निवासी 42 वर्षीय अनिल उर्फ पप्पू पुत्र हरकेश शर्मा घटायन स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन था। शनिवार देररात वह बाइक से साथी अनिल धामा निवासी ककरौली के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में हरियाली पेट्रोल पंप के पास सड़क में गड्ढे होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर गए। गंभीर हालत में दोनों को सीएचसी ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान अनिल की मौत हो गई। सूचना पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।