सरधना। नगर पालिका में तैनात कार्यवाहक वरिष्ठ लिपिक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर सभासदों ने एडीएम से शिकायत की थी। शिकायत का मामला एंटी करप्शन विभाग तक पहुंच गया है।
बताया गया कि विजिलेंस की सूचना पर पालिका स्टाफ में कई बार भगदड़ मच चुकी है। इसके चलते नगर पालिका के मुख्य द्वार को पूरे दिन बंद रखा जाता है। इसका विरोध करते हुए सभासदों और ईओ में नोकझोंक भी हो गई थी।
बता दें कि स्वकर प्रणाली के विरोध में नगर पालिका के 25 वार्डों के सभासदों ने धरना-प्रर्दशन किया था। सभासदों ने लिपिक के स्थानांतरण की मांग उठाई थी। इसे लेकर सभासदों ने प्रधान लिपिक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर एडीएम और विधायक को ज्ञापन दिया था।
बताया था कि नगर पालिका में प्रधान लिपिक का पद खाली है। इस पर कार्यवाहक प्रधान लिपिक तैनात है। जो पिछले 27 साल से एक ही स्थान पर तैनात है। मामले की शिकायत एंटी करप्शन विभाग में की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रधान लिपिक की संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि प्रधान लिपिक द्वारा लंबे समय से पालिका में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि यदि जल्द प्रधान लिपिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह मामले की शिकायत नगर विकास मंत्री से करेंगे।