पति को सबक सिखाने के लिए पत्नी ने पी ली शराब
मेरठ। शराबी पति को सबक सिखाने के लिए पत्नी ने भी घर में रखी शराब पी ली। यह देख पति का पारा चढ़ गया और दोनों में जमकर नोंकझोक हुई। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची तो पुलिस उन्हें थाने लेकर आ गई। यहां पति के दोबारा शराब न पीने और माफी मांगने पर परिजनों की सुपुर्दगी में उन्हें घर भिजवा दिया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाला युवक पिछले कई दिन से शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। मंगलवार रात को भी वह शराब पीकर आया। घर में आकर भी शराब पी और फिर सो गया। सुबह उठा तो बोतल खाली देख बिगड़ गया। वह पत्नी के पास पहुंचा तो पता चला कि बोतल की बीच शराब उसने पी ली है और वह बेहद नशे में थी। यह देख युवक का पारा चढ़ गया और उसने हंगामा शुरू कर दिया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और दोनों को थाने ले आई। यहां भी काफी देर हंगामा होता रहा। नशा उतरने के बाद पत्नी ने शराब पीने का राज खोला। उसने बताया कि शराब पीने के कारण पति अपनी जिम्मेदारियों को भूल गया है। इसलिए गुस्से में वह उसकी शराब पी गई। पत्नी की बात सुनकर युवक को भी गलती का एहसास हुआ और उसने दोबारा शराब न पीने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर परिजनों की सुपुर्दगी में घर भेज दिया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि दोनों के गलती मानने पर उन्हें भेज दिया गया।