संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मंढियाई गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार रात बदमाशों ने गांव निवासी गुफरान खान के घेर को निशाना बनाते हुए कमरे का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पिछले एक सप्ताह में गांव में चोरी की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।
मंढियाई निवासी गुफरान खान पुत्र इब्राहीम का गांव के बाहर घेर है। सोमवार देर रात बदमाश दीवार फांदकर घेर में घुसे। इसके बाद कमरे के दरवाजे की जाली काटकर बदमाश अंदर आए। ताला तोड़ कर कमरे में रखी टंकी से करीब पांच क्विंटल गेहूं, नलकूप का बड़ा मोटर, टिल्लू पंप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह गुफरान खान घेर में गाड़ी लेने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश में लगी है, जल्द घटनाओं को खुलासा किया जाएगा।