- नामित सभासद की तहरीर पर पड़ोसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के मोहल्ला आदर्श नगर में घर के बाहर ट्रक खड़ा करने से रोकने को लेकर भाजपा नेत्री नामित सभासद पिंकी सोम के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पिंकी सोम की तहरीर पर सरधना पुलिस ने पड़ोसी विक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पिंकी सोम पत्नी हरिओम सोम ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे वह अपने घर की छत पर टहल रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी विक्टर ने उनके मकान के बाहर ट्रक खड़ा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने जब घर के बाहर ट्रक खड़ा करने का विरोध किया तो विक्टर ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। तहरीर के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद मौके से चला गया।
घटना के बाद बुधवार को पिंकी सोम ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।