बागपत के प्रमोद हत्याकांड में खुलासा, कातिल पत्नी ने कबूला जुर्म , शराब में नशे की गोलियां मिलाईं, प्रेमी से कराई किसान पति की हत्या
बागपत के बड़ौत क्षेत्र के कोताना गांव में किसान प्रमोद (44) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी उर्मिला और बाइक मिस्त्री सिकंदर उर्फ काला को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, उर्मिला और सिकंदर के बीच वर्ष 2024 से प्रेम प्रसंग था। प्रमोद को इसकी जानकारी हुई तो वह विरोध करने लगा। इसके बाद दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस का कहना है कि रविवार रात रामलीला देखने के दौरान सिकंदर ने प्रमोद को नलकूप पर शराब पीने के लिए बुलाया। वहां उसकी शराब में नशे की गोलियां मिलाईं और नशा होने पर बोतल से सिर पर कई वार किए। इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, उर्मिला व्हाट्सएप पर सिकंदर से घटना की जानकारी लेती रही। कॉल डिटेल के आधार पर पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
मेरठ: सपा विधायक शाहिद मंजूर और आसा के बाबर चौहान में झड़प, पढ़ें-पोस्टमार्टम हाउस पर क्यों भिड़े दोनों नेता
मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर मंगलवार देर रात समाजवादी पार्टी के विधायक शाहिद मंजूर और आजाद समाज पार्टी के नेता बाबर चौहान खरदौनी के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शवों के पोस्टमार्टम के क्रम से जुड़ी फाइल को आगे-पीछे कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। बाबर चौहान ने भी विवाद की पुष्टि की है।
Baghpat Accident: भैंसा-बुग्गी से टकराई बाइक, सागर की मौत; रोहित की हालत गंभीर, मेरठ से दिल्ली रेफर
बागपत के चमरावल चौराहे के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक ललियाना गांव में दशहरे का मेला देखकर अपने घर ढिकौली लौट रहे थे। रास्ते में स्कूल के सामने उनकी बाइक आगे चल रही ऊंट-बुग्गी से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सागर बाइक से उछलकर सड़क किनारे खेत में बने गड्ढे में जा गिरा, जबकि रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों को पिलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उन्हें मेरठ रेफर किया गया।
शामली में हादसा: पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर पलटी स्कॉर्पियो, चालक संदीप समेत दो की मौत; दो युवक गंभीर
शामली के कैराना क्षेत्र में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पानीपत की ओर से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो एन गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद गाड़ी ने कई बार पलटे खाए। हादसे में स्कॉर्पियो चालक संदीप कुमार दुहन और अंकित निवासी हरियाणा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक मेजर और आतिश गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है।
मेरठ: कुख्यात बदन सिंह बद्दो के बेटे सिकंदर समेत 9 अपराधियों पर 50-50 हजार का इनाम, डीआईजी ने की घोषणा
कुख्यात अपराधी बदन सिंह बद्दो के बेटे सिकंदर समेत नौ अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने इन अपराधियों पर इनाम की घोषणा की। जानकारी के मुताबिक, सिकंदर मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र के बेरीपुरा का रहने वाला है। इनाम घोषित किए गए नौ अपराधियों में मेरठ के पांच, बागपत के दो और बुलंदशहर व हापुड़ के एक-एक अपराधी शामिल हैं।
Bijnor: दशहरा मेला देखकर लौट रहे 3 किशोरों पर गुलदार का हमला, दो घायल; लक्की की सूझबूझ से बची जान
बिजनौर के बढ़ापुर क्षेत्र में दशहरा मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे तीन किशोरों पर गुलदार ने हमला कर दिया। मंगलवार रात करीब सात बजे मिट्ठूपुर में लेबडे के पुल के पास हुई इस घटना में दो किशोर घायल हो गए। बाइक चला रहे 17 वर्षीय लक्की ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और बाइक की रफ्तार बढ़ाकर बिना रोके आगे निकल गया। गुलदार के पंजे लगने से यश और रेहान के पैरों में चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए नगीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी को लेकर लोगों में दहशत है। बाइक सवार लक्की ने दावा किया कि वहां चार गुलदार थे।
Meerut: दुर्गाबाड़ी में सिंदूर खेला की धूम, 220वें दुर्गा पूजा महोत्सव में दिखा बंगाली संस्कृति और नारी शक्ति का संगम
मेरठ की बंगाली दुर्गाबाड़ी समिति में 220वें दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत विजयादशमी पर पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर सुख, सौभाग्य, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। लाल सिंदूर के रंगों से सजे इस आयोजन में बंगाली संस्कृति की झलक देखने को मिली।
मेरठ में अखंड भारत रैली: कैलाश प्रकाश स्टेडियम में तिरंगा लेकर उतरे युवा, भारत माता के जयकारों से गूंजा मैदान
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुभारती यूनिवर्सिटी की ओर से अखंड भारत रैली का आयोजन किया गया। रैली में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाए। देशभक्ति गीतों से पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। युवाओं के उत्साह और जोश के बीच आयोजित रैली ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।
वेस्ट यूपी में मौसम: दिन में तेज धूप से गर्मी, सुबह-शाम बढ़ी ठंडक; दीपावली तक बढ़ सकता है प्रदूषण
मेरठ में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बढ़ने लगी है। दिन का अधिकतम तापमान अभी भी 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, वहीं रात के तापमान में गिरावट के कारण मौसम ठंडा महसूस हो रहा है।
दिन और रात के तापमान में बढ़ते अंतर से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दूसरी ओर, शहर के विभिन्न इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। दीपावली तक प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है।