वहीं, पिछले आठ दिन बाद बुधवार को दिन में कुछ घंटे के लिए गुनगुनी धूप मिली। धूप के दौरान थोड़ी राहत रही, लेकिन शाम को सूरज ढलने के बाद मौसम ठंडा हो गया। शाम के समय भी शीतलहर का असर कम नहीं दिखाई दिया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि सर्दी का असर बना रहेगा। दिन में कुछ घंटों के लिए निकलने वाली धूप से थोड़ी राहत मिल सकती है। बताया कि अभी दो-तीन दिन में मौसम और बदेलगा।
अभी कम नहीं होगा शीतलहर का असर
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर वेस्ट यूपी में दिख रहा है। आगामी 15 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा और शीतलहर के चलते मौसम ठंडा बना रहेगा। शीतलहर रुकने के बाद ही दिन में तेज धूप से दिन का तापमान चढ़ेगा।
बुधवार को गंगानगर रहा सबसे ज्यादा प्रदूषित, 238 दर्ज किया एक्यूआई
कड़ाके की ठंड के बीच भी एनसीआर में प्रदूषण में काफी उतार-चढ़ाव आ रहा है। दो दिन में मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ा है। मेरठ का एक्यूआई बुधवार को 197 दर्ज किया गया। फिर से एक्यूआई 200 के पास पहुंच गया है। इसके अलावा जयभीमनगर 163, गंगानगर 238, पल्लवपुरम 189, दिल्ली रोड 199, बेगमपुल 210 दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा गंगानगर प्रदूषित रहा है, यहां का एक्यूआई ज्यादा रहा।
शीतलहर की चपेट में सहारनपुर
पहाड़ों पर पड़ रही बर्फ से होकर गुजर रही शीतलहर के कारण सहारनपुर में सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया है। दिनभर धूप नहीं निकलने और तेज शीतलहर के चलने से बुधवार को न्यूनतम तापमान और गिरकर 2.5 और अधिकतम तापमान भी गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सर्दी से बचाव के लिए लोग दिन में भी अलाव सेकते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले दो दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने और तापमान में और गिरावट होने की आशंका जताई है।
बिजनौर में सुबह छाया कोहरा
बिजनौर जिले में बुधवार को सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। शीतलहर चलने से लोग पूरे दिन ठिठुरते रहे। दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन सर्दी के आगे बेअसर रही। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। जिससे सर्दी का सितम बरकरार है। बुधवार को अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्दी अधिक होने से पूरे दिन लोगों के हाथ-पैर सुन्न रहे। सर्दी से राहत पाने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
मुजफ्फरनगर में दिनभर चली शीतलहर
मुजफ्फरनगर में शीतलहर के प्रकोप से मौसम बेहद ठंडा रहा। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री रहा। बुधवार को भले ही कुछ देर के लिए धूप निकली लेकिन, दिन के तापमान में गिरावट से आम जनजीवन प्रभावित रहा।