हल्की बारिश में भी सोमवार को जलभराव और सड़कों पर नालों की गंदगी फैल गई। शिकायत के बावजूद भी नगर निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंची। जिसको लेकर निगम में लोगों ने हंगामा किया। वहीं, सोमदत्त सिटी सहित कई जगहों पर डोर-टू-डोर वाली गाड़ी भी कूड़ा उठाने नहीं पहुंची। लोगों का कहना कि शहर की सफाई के नाम पर नगर निगम करोड़ों रुपये खर्च करता है, लेकिन नतीजा शून्य है।
नाला सफाई में नगर निगम के कर्मचारी अभी तक 2.50 करोड़ रुपये का तेल फूंक चुके हैं, बावजूद नालों की स्थिति खराब है। दो दिन से बरसात में सड़कों पर पानी और नालों की गंदगी फैल गई है। कई जगह हालत बहुत खराब है। भूमिया पुल से हापुड़ अड्डा चौराहे, घंटाघर से छतरी पीर तक व एनएएस कॉलेज के सामने सहित कई जगहों पर टूटी सड़कों में जलभराव हो रहा है।