मेरठ के मोदीपुरम में सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गेट पर बनाए टीकाकरण केंद्र कुछ युवकों ने हथियार लहराए और चिकित्सकों से बदसलूकी की। मामला एक सप्ताह पहले का बताया जा रहा है। घटना के बाद से केंद्र बंद है। इस कारण लोग टीकाकरण के लिए भटक रहे हैं।
कृषि विवि में दौराला सीएचसी की तरफ से बनाए गए इस टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ सांसद राजेंद्र अग्रवाल और कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने किया था। यहां सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक टीका लगाया जा रहा था। करीब एक सप्ताह पहले कुछ युवक केंद्र पर पहुंचे और टीका लगाने के लिए कहा।
वहीं चिकित्सकों ने कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा तो युवक गुस्से में आ गए। इसके बाद उन्होंने हथियार लहरा दिए। चिकित्सकाें और स्टाफ ने विरोध किया तो उनसे बदसलूकी की। इससे केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद चिकित्सकों ने इसकी सूचना दौराला सीएसची प्रभारी को दी। दौराला पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो गए। आरोपी युवक पाबली के बताए गए हैं। इस संबंध में केंद्र प्रभारी डॉ. आशुतोष ने बताया कि घटना के बाद से स्टाफ केंद्र पर जाने के लिए तैयार नहीं है। वहीं इंस्पेक्टर दौराला बृजेश चौहान ने बताया कि मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।