माछरा। ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत गांव हसनपुर में रास्ते में घरों का गंदा पानी भरा रहने के कारण लोगों का निकलना कठिन हो रहा है। वहीं छोटे बच्चों को भी स्कूल जाने में गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है।
मेरठ-गढ़ मार्ग पर हसनपुर गांव स्थित है। सड़क से गांव के अंतर जाने वाले रास्ते पर कन्या पाठशाला भी स्थित है जहां बच्चे पढ़ने के लिए गंदे पानी में होकर जाते हैं। घरों का पानी नालियों में न बहकर रास्ते में भरा रहता है। लोगों का कहना है कि रास्ता में गंदा पानी भरने के कारण संक्रामक बीमारी होने का भी खतरा बन रहा है। सुधीर शर्मा आदि ने बताया कि कई बार कहने के बाद भी नाली और पानी की निकासी नहीं कराई गई। गंदा पानी भरने के कारण सड़ गया है, जिसमें मच्छर आदि उत्पन्न हो गए हैं और अब बदबू के कारण घरों में बैठना भी कठिन हो रहा है। उन्होंने बताया कि आगे की नाली ऊंची है तथा बीच में वह नीचे पड़ गई है जिस कारण पानी आगे नहीं बहता है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जग्गी प्रधान ने बताया कि कई बार नाली रास्ता साफ कराया भी गया है परंतु आगे पानी नहीं बहता है बीच में भर जाता है। अब जल्दी इस रास्ते का टेंडर कराकर रास्ते व नालियों को ऊंचा कराया जाएगा।