-एसएसपी कार्यालय पर महापंचायत का एलान, सीओ को ज्ञापन दिया
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दौराला क्षेत्राधिकारी कार्यालय का घेराव कर लोईया गांव में हुए वसी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर विरोध जताया। जिला अध्यक्ष इंतजार देशवाल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर 13 मई को एसएसपी कार्यालय पर महापंचायत करने का एलान किया गया।
जिला अध्यक्ष इंतजार देशवाल ने बताया कि बीते 20 अप्रैल को थाना दौराला क्षेत्र के गांव लोईया में वसी अहमद की हत्या कर दी गई थी। मामले में नामजद आरोपी अदनान और शजर अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। आरोप है कि दोनों आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और गवाहों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार व ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
यूनियन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए दो दरोगाओं पर लापरवाही व मिलीभगत के आरोप लगाए। ज्ञापन में मांग की गई कि दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कस्बा दौराला में तैनात दरोगा को पहले ही सूचना दी गई थी कि हिस्ट्रीशीटर आमिर और उसका भाई अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते उन्होंने मौका मिलते ही वसी की हत्या कर दी।
भाकियू तोमर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 13 मई तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो मेरठ स्थित एसएसपी कार्यालय पर महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, कार्यकारिणी जिला अध्यक्ष अकील राणा, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मुंसाब, जिला महासचिव अमित चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष अब्बास सैफी, अबुल कलाम, इरफान, फैयाज, तनवीर, मुदस्सिर आदि मौजूद रहे।
-