मवाना। मवाना खुर्द में फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों बाइकों के चालक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर होने पर दोनों को मेरठ रेफर कर दिया। गांव नंगला रवा बागपत निवासी जावेद कॉस्मेटिक सामान की सप्लाई का काम करता है। यह बाइक से मवाना की ओर आ रहा था। जैसे ही मवाना खुर्द का फ्लाईओवर से मवाना आने के लिए सर्विस रोड पर उतरकर आगे बढ़ा तो सामने से आ रही मवाना खुर्द निवासी सोहेल की बाइक से जावेद की बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में सोहेल व जावेद घायल हो गए। सोहेल के साथ बाइक पर बैठे तीन वर्षीय बच्चे को कोई चोट नहीं आई है। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। समाचार लिखे किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।