मेरठ। रेलवे रोड को बागपत रोड से जोड़ने वाला 825 मीटर लंबा लिंक रोड जल्द ही खोला जाएगा। इस मार्ग पर अब समतलीकरण का काम पूरा हो गया है। सेना के भवनों की ओर से अवशेष दीवार का निर्माण कॉलम लगाकर किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते मार्ग को पूरी बैरिकेडिंग करके तरह बंद कर दिया गया है। संभावना है कि 24 नवंबर तक मार्ग का निर्माण पूरा कर इसे शुरू कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने से 38 कॉलोनियों के ढाई लाख लोगों को फायदा होगा।
करीब ढाई दशक से यह मार्ग खोलने की मांग की जा रही थी। अभी लोगों को फुटबॉल चौराहा, दिल्ली रोड होते हुए कई किमी लंबा सफर तय करना पड़ता है। दूसरी ओर दिल्ली रोड पर हर समय लगने वाले जाम के कारण लोगों को परेशानी होती है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को होती है। लिंक मार्ग के लिए आशीर्वाद अस्पताल का मार्ग वाला हिस्सा ध्वस्त किया जा चुका है। इससे पहले अस्पताल के बराबर वाले एसके गुप्ता के प्लॉट को समतल कर दिया गया था। दोनों ही प्लॉट के लिए मुआवजा देकर मेडा अपने पक्ष में बैनामा कर चुका है।
अब जुनेजा फर्म की ओर से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसका समतलीकरण पूरा कर लिया गया है। रोड के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग बंद कर दिया गया। दीवार निर्माण के लिए जेसीबी से बुनियाद खोदाई के बाद मंगलवार से कॉलम लगाकर दीवार निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया। फर्म के कर्मचारी सोहन ने बताया कि दो दिन में करीब 150 मीटर के बचे मार्ग पर सड़क बनाने का काम शुरू कर इसे 24 नवंबर से शुरू करने की तैयारी है।
इसके अलावा लिंक रोड पर सांसद निधि से नेडा 44 सोलर लाइट लगाएगा। सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही। अभी लोगों को बागपत रोड, मेट्रो प्लाजा, रेलवे रोड चौराहा होकर सिटी रेलवे स्टेशन और छावनी क्षेत्र के स्कूलों तक पहुंचना पड़ता है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता सतेंद्र सिंह ने बताया कि समतलीकरण पूरा हो गया है और दीवार का निर्माण चल रहा है। अवशेष मार्ग पर डामर की सड़क बिछाकर इसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।