मोम्मन फरीदपुर के ग्रामीणों ने किया थानाध्यक्ष का घेराव, श्मशान में अस्थियां एकत्रित करते समय मिला बुलेट
सरधना। मोम्मन फरीदपुर के ग्रामीणों में श्मशान घाट में दाह संस्कार स्थल पर राख के ढेर से मृतक बिजे की अस्थियां एकत्रित करते समय गोली का बुलेट मिलने से रोष फैल गया। ग्रामीणों ने बिजे की गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। जिस पर ग्रामीणों ने जांच में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर थानाध्यक्ष का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। दो दिन में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने व मामले का खुलासा नहीं होने पर फिर से कोतवाली के घेराव की चेतावनी दी।
मंगलवार रात मोम्मन फरीदपुर निवासी बिजे (45) पुत्र भिरखा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। सड़क हादसे में मौत मानते हुए परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में पता चला कि बिजे को एक युवक घर से बुलाकर ले गया था और उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। हत्या की घटना को सड़क हादसे का रूप दे दिया गया।
ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को मृतक के छोटे भाई बिजेंद्र के साथ थाने पहुंचकर श्मशान घाट में शुक्रवार को अस्थियां एकत्रित करने के समय पुलिस की मौजूदगी की मांग की थी। लेकिन पुलिस श्मशान घाट नहीं पहुंची। अस्थियां एकत्रित करते समय ग्रामीणों को राख से एक बुलेट मिला। जिसके बाद निवर्तमान प्रधान शिवकुमार, जयपाल सिंह, रामकुमार, महिपाल, कृपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, डॉ. बबली, अरुण, फेरु, महक सिंह, रामभूल विनोद, प्रमोद, उदयवीर, अजय कुमार, शेर सिंह, कृष्णपाल थाने पहुंचे और कोतवाली का घेराव किया।
ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष से कहा कि पुलिस हत्यारोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से सख्ती से पूछताछ नहीं कर रही। थानाध्यक्ष समर बहादुर ने श्मशान घाट से मिला बुलेट जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भिजवाने व तेजी से जांच कराने का आश्वासन दिया।