नितिन हत्याकांड में हत्यारोपी का पिता भी गिरफ्तार, तमंचा बरामद
बहसूमा। छात्र नितिन हत्याकांड में पुलिस ने नौ दिन बाद नामजद हत्यारोपी के पिता को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने का दावा किया है।
31 मार्च को कस्बे के नवजीवन इंटर कॉलेज के मुख्य गेट पर कक्षा नौ के छात्र वंश ने थप्पड़ का बदला लेने के लिए सहपाठी नितिन (13) की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक नितिन के पिता रोहताश ने छात्र वंश और उसके भाई अर्जुन तथा चार अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस छात्र वंश को गिरफ्तार कर सुधार गृह भेज चुकी है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने मुखिया गुर्जर के साथ थाने पहुंचकर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि नितिन हत्याकांड में नामजद आरोपी के पिता मूलचंद उर्फ मूली निवासी अकबरपुर सादात को शुक्रवार को कस्बे की भंडोरा फैक्टरी के पास से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया।