सरधना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के कई गांवों में रात में संदिग्ध ड्रोन की उड़ान और बदमाशों की आवाजाही की ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि लोग अपनी सुरक्षा के लिए खुद रात में जागकर कर पहरा देने को मजबूर हैं। दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की ओर से किसी तरह की गश्त नहीं की जा रही।
शनिवार रात कुलंजन गांव में ड्रोन उड़ने के कुछ ही घंटों बाद पांच संदिग्ध लोग कार में सवार नजर आए। पहले से पहरा दे रहे ग्रामीणों ने उनका पीछा किया तो कार में सवार लोग मदारपुरा की ओर भाग निकले।
पहले से सतर्क ग्रामीणों ने जब उनका पीछा किया तो वे मदारपुरा की ओर भाग निकले। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी तरह ड्रोन उड़ने के बाद एक घर में बदमाश घुसे थे, लेकिन समय रहते लोग जाग गए और वारदात टल गई थी।
मंडियाई और खिर्वा जलालपुर में भी बढ़ी हलचल
मंडियाई गांव के बाहरी इलाके में भी ग्रामीणों ने एक कार में सवार संदिग्ध लोगों को देखा, लेकिन रोकने की कोशिश करने पर वे भाग निकले। इसी तरह खिर्वा जलालपुर गांव में भी शनिवार रात ड्रोन उड़ते देखे गए। इससे वहां भी दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के चलते उन्होंने आपसी सहयोग से रात्रि पहरेदारी शुरू कर दी है। तनसीर खान, रिजवान, कामिल, राशिद, मुजम्मिल, शादाब और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को सूचित भी किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बढ़ती घटनाओं के बावजूद पुलिस गश्त कहीं नजर नहीं आ रही है। कई बार सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों का भरोसा प्रशासन पर से उठता जा रहा है।
-
पुलिस के पहुंचने से पहले गायब हुआ ड्रोन
फलावदा। कस्बे सहित क्षेत्र के गांव मन्दवाड़ी, चरला, गगसोना, नैडू ,दांदूपुर, गडीना, कुंडा, पिनाई, नंगला यजदी में शनिवार देर रात ड्रोन दिखने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई, मगर पुलिस के पहुंचने से पहले ही ड्रोन गायब हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि आसमान में ड्रोन दिखने के बाद से ग्रामीणों ने रात जागकर काटी। लोगों में दहशत बढ़ रही है। संवाद
बहसूमा में लोग बोले-चोर ड्रोन से कर रहे रेकी
बहसूमा। कस्बे के मोहल्ला सड़क वाला में शनिवार रात ड्रोन उड़ता दिखाई दिया तो कुछ लोगों ने उसका वीडियो बनाया। कुछ ही देर में ड्रोन तेजी से जंगल की ओर चला गया। क्षेत्र के गांव झुनझुनी में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि चार युवक काले कपड़ों में ड्रोन उड़ा रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ खेतों में कांबिंग कर ड्रोन व उन्हें चलाने वालों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गांव राहवती के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि आसमान में ड्रोन उड़ रहे हैं। चोर अंधेरे में ड्रोन से रेकी कर रहे हैं। इसके बाद कस्बे में देर रात करीब 2:30 बजे तेजी से उड़ते ड्रोन देखा गया व फिर वीडियो बनाया गया। गांव करीमपुर, भंडोरा, कोहला सहित कई गांवों में रात संदिग्ध ड्रोन दिखाई दिए। संवाद
-
घटनाओं का खुलासा होने तक ड्रोन की बिक्री रोकें
लावड़। लावड़ व दौराला क्षेत्र में शनिवार देर रात ड्रोन उड़ते देखकर ग्रामीण परेशान हो गए। लावड़ कस्बे के अलावा चिंदौड़ी व दौराला क्षेत्र के लोईया, खेड़ी, वलीदपुर में शनिवार देर रात ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। ग्रामीण रात में पहरा दे रहें हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन अचानक बढ़ने वाली ऐसी घटनाओं का जल्द खुलासा कराए। खुलासा होने तक ड्रोन की बिक्री भी रोक दी जाए। इसके साथ ही ड्रोन खरीदने वालों का ब्योरा रिकार्ड किया जाए। संवाद