मेरठ। एक व्यक्ति से घर की कुर्की करने का भय दिखाकर पांच हजार रुपये लेने वाले नौचंदी थाने पर तैनात सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल राजकुमार को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने दोनों के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी है। पीड़ित ने इस संबंध में डीआईजी कलानिधि नैथानी से शिकायत की थी।
डीआईजी के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ नौचंदी थाने में एक मामला दर्ज था। उसके खिलाफ न्यायालय से समन जारी हुआ था। नौचंदी थाने के सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार और कांस्टेबल राजकुमार समन तालीम कराने के लिए बताए पते पर गए। वहां जाकर पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम समन जारी हुआ है, वह व्यक्ति अब वहां नहीं रहता। वह किराये का मकान छोड़कर काफी समय पहले वहां से चला गया है। इसकी जानकारी होने के बावजूद सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल ने वर्तमान में इस मकान में रहने वाले से घर की कुर्की करने का भय दिखाकर पांच हजार रुपये ले लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत डीआईजी से की। डीआईजी ने एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह से जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दरोगा व हेड कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की।