बपारसी गांव में पंचायत करते ग्रामीण।
- फोटो : SARDANA
सरधना। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के बपारसी गांव में विधायक जितेंद्र सतवाई के खिलाफ रविवार को पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें राजूपत समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि जमीन संबंधी विवाद में मिलने गए राजपूत समाज के लोगों से विधायक नहीं मिले। इससे समाज के लोगों का अपमान हुआ है। लोगों ने कहा कि जल्द ही विधायक के खिलाफ महापंचायत की जाएगी।
बपारसी गांव में बुद्ध सिंह महाशय के घेर में सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए पंचायत की गई। पंचायत में मुल्हैड़ा, बपारसी, कालंदी से राजपूत समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। बुद्ध सिंह महाशय ने बताया कि कुछ दिन पहले पांचली के एक जमीनी विवाद में पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ विधायक के आवास पर मिलने गए थे। वहां उन्हें सम्मान नहीं दिया गया। विधायक के घर में होने के बाद भी वे नहीं मिले, जबकि उनकी गाड़ी वहीं खड़ी थी। फोन मिलाया तो विधायक जितेंद्र सतवाई ने घर पर न होने की बात कहकर मिलने से मना कर दिया। बुद्ध सिंह ने बताया कि जमीन का विवाद तो मिल बैठकर 9 जून को निबटा दिया गया, लेकिन विधायक के न मिलने से राजपूत समाज के लोगों का अपमान हुआ है। इस मौके पर रणसिंह, मोहन प्रधान, रघुराज, श्रीपाल, मोंटी, जयंत आदि मौजूद रहे।
नाराजगी दूर करूंगा
बपारसी में आयोजित पंचायत के बारे में जानकारी नहीं हैं। बुद्ध सिंह महाशय उनसे मिलने उनके घर आए थे, जिसकी सूचना मुझे मिली थी। वह जमीनी विवाद में अपने समाज के साथ नहीं बल्कि दूसरे समुदाय के व्यक्ति की सिफारिश में आए थे। गाड़ी घर पर खड़ी होने का मतलब यह नहीं कि मैं घर पर था, लॉकडाउन में बिना गाड़ी के भी बाहर जा सकता हूं। बुद्ध सिंह महाशय मेरे सम्मानीय हैं, मैं उनकी नाराजगी दूर करूंगा। -जितेंद्र सतवाई, विधायक सिवालखास विधानसभा क्षेत्र