मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में स्नातक में एडमिशन को रजिस्ट्रेशन रविवार से शुरू हो गए हैं। वीडियो देखकर आठ स्टेप में मोबाइल से पूरा फार्म भरा जा सकता है। अभी सिर्फ पिछले वर्षों में पास हुए छात्र-छात्राएं ही फार्म भर सकते हैं। जिन छात्र-छात्राओं ने इस बार 12वीं के पेपर दिए हैं, वे रिजल्ट आने पर ही फार्म भर सकेंगे।
सीसीएसयू और मेरठ-सहारनपुर मंडल के साढ़े छह सौ से ज्यादा कॉलेजों में यूजी में एडमिशन को रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। इसमें बीए, बीएससी-बीकॉम, बीएससी, बीए-एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी, बीबीए, बीसीए, बीएससी ज्वेलरी डिजाइन, बीएससी होम साइंस और बीएससी एजी शामिल हैं। रजिस्ट्रेशन करने के लिए www.ccsuniversity.ac.in या www.ccsuweb.in पर जाना होगा। इसके बाद स्नातक प्रवेश पंजीकरण पर क्लिक करें। सबसे वीडियो एक वीडियो दिखेगा। इस पर क्लिक करने के बाद फार्म भरने की पूरी प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा। इस वीडियो में आठ स्टेप के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी कि किस तरह से फार्म भरना है। पहले चरण में आपको 12 किस बोर्ड से और कब पास की है, उसको सलेक्ट करके आगे बढ़ना है। इसके बाद आपके खिलाफ किसी न्यायालय में कोई मुकदमा तो विचाराधीन नहीं है। कोई सजा तो नहीं पाई है। जो जानकारी भर रहे हैं, वह सही आदि घोषणा पर ओके करके दूसरे स्टेप पर जाना होगा। इसमें आपका नाम पता, 10वीं, 12वीं की जानकारी, आप किस श्रेणी से हैं। स्पोर्ट्स कोटा या आरक्षण चाहते हैं अथवा नहीं फोटो और हस्ताक्षर सब मोबाइल में सेव करके रखना है। ध्यान रखें कि मोबाइल नंबर अपना ही भरें कई बार साइबर कैफे संचालक अपना मोबाइल डाल देते हैं, ऐसे में फार्म पर लॉगइन आईडी और पासवर्ड आता है। एक रजिस्ट्रेशन में एक ही मोबाइल नंबर भरें।
पूछे जाएंगे तीन सवाल
फार्म में आपसे तीन सवाल पूछे जाएंगे। इसमें जो भी सही है उस पर हां या न का विकल्प चुनें। पहला सवाल है कि क्या आपके पास खुद के प्रयोग के लिए कैमरा युक्त स्मार्टफोन या लैपटॉप है। दूसरा सवाल है कि क्या आपके पास तेज नेट की सेवा उपलब्ध है। तीसरा सवाल है कि क्या आपके पास ऑनलाइन कक्षाओं में सम्मिलित होने के लिए स्पीकर, इयरफोन या माइक्रोफोन की सुविधा है। इसके बाद मैं सहमत हूं विकल्प चुनें और सब्मिट कर दें। सेव करने के बाद जो मोबाइल नंबर आपने भरा है उस पर लॉगइन आईडी और पासवर्ड आएगा। इसे संभालकर रखें। इससे ही आपका फार्म भरेगा। इसके बाद लॉगइन के ऑप्शन पर जाकर आईडी और पार्सवर्ड भरेंगे तो आपका भरा गया फार्म खुल जाएगा। विवरण सही है या नहीं चेक करने के बाद अपना फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें। मोबाइल की गैलरी में इनको सेव रखें। इसके बाद 10वीं और 12वीं की मार्कशीट का खींचा गया फोटो अपलोड करें। इसके बाद 10वीं और 12वीं के नंबरों की सारी जानकारी दें। अगले चरण में जाने पर आपको विषय चुनने का विकल्प आएगा। अगर नर्सिंग या दूसरे मेडिकल कोर्सों भरते हैं तो वहां क्लिक करें नहीं तो उसे स्किप करके आगे बढ़ जाएं। इसके बाद अगर आप एनसीसी या एनएसएस आदि का वेटेज लेना चाहते हैं तो अगले ऑप्शन में पूछे गए सवालों का हां या ना में जवाब देें। इसके बाद अगले चरण में आपको विषय का चुनाव और तीन कॉलेज भरने हैं। इससे पहले आपको 115 रुपये ऑनलाइन डेबिट अथवा क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करना होगा। इसके बाद आप फार्म सब्मिट कर सकते हैं।
पहले दिन ही 50 से अधिक ने किया रजिस्ट्रेशन
पूर्व वर्षों में पास होने वाले 50 से अधिक छात्र-छात्राओ ने पहले दिन ही रजिस्ट्रेशन करा लिया है। जिन छात्रों का रिजल्ट आता रहेगा वह अपना बोर्ड भरते हुए रजिस्ट्रेशन करेंगे।
ये रखें ध्यान
10वीं और 12वीं की पूरी जानकारी रोल नंबर, प्राप्तांक और पूर्णांक सही भरें।
प्रायोगिक विषयों में प्रवेश के लिए पंजीकण के लिए वर्ष 2019, 2018 या 2017 वाले छात्र ही पात्र होंगे। गैर प्रायोगिक विषयों में पूर्व वषों के छात्र भी पंजीकरण कर सकते हैं।
दूसरे प्रदेशों के छात्र-छात्राओं को मूल निवास प्रमाण पत्र की कॉपी लगानी होगी।
मोबाइल नंबर और ईमेल अपनी ही भरें, किसी दूसरे को लॉगइन आईडी और पासवर्ड न बताएं।
ऑनलाइन पेमेंट करते वक्त डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का प्रयोग करें।
तीन कॉलेजों का चुनाव करते समय ध्यान रखें।
अगर मेरिट में कोई वेटेज चाहते हैं तो उसके प्रमाण पत्र का जिक्र करें।
अगर छात्रवृत्ति लेना चाहते हैं तो आधार कार्ड अवश्य होना चाहिए।
ऑनलाइन फार्म भरते वक्त कोई गलती हो जाने पर सेव करने से पहले दायीं तरफ दिख रहे एक मेनू के जरिए उसमें सुधार कर सकते हैं।