भोजपुर के एक गांव में सगाई समारोह में बन रहे खाने में कारीगर द्वारा थूक लगाकर नान बनाने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। लोगों ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी को टैग कर शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि वायरल वीडियो भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। सगाई समारोह के आयोजक ने थाने में तहरीर दी है।
भोजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो थानाक्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को आयोजित सगाई समारोह का है। समारोह की दावत का खाना बनाने के लिए मुरादनगर क्षेत्र से हलवाई को बुलाया गया था। दावत में दो कारीगर नान बना रहे थे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कारीगर प्रत्येक नान को सेंकने से पहले उस पर थूक रहा है। किसी ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
यह वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद से लोगों में गुस्सा है। एसएचओ ने बताया कि नान बनाने वाले कारीगर और उसके ठेकेदार की पहचान हो गई है। समारोह आयोजक ने आरोपियों के खिलाफ मामले की तहरीर दी है, जिस पर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पिछले दिनों मेरठ स्थित एक मंडप में भी शादी समारोह में बनाए जा रहे खाने में भी थूकने का वीडियो वायरल हुआ था। उसमें पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया था।