मेरठ में धनतेरस पर हर्ष फायरिंग करते जयभीमनगर में एक परिवार का बुधवार को वीडियो वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर एक युवक अपनी मां-बहन और भाई के साथ दुनाली बंदूक से फायरिंग कराते दिख रहा है। मामला अधिकारी तक पहुंचा तो भावनपुर पुलिस ने परिवार का पता लगाकर सेवानिवृत फौजी जगदीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जबकि फायरिंग कराने वाले जगदीश का बेटा अनुज अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
इंस्पेक्टर भावनपुर नीरज मलिक के अनुसार गढ़ रोड स्थित जयभीमनगर निवासी सेवानिवृत जगदीश सिंह के नाम दुनाली बंदूक का लाइसेंस है। रविवार को जगदीश का बेटा अनुज अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से घर की छत पर खुद हर्ष फायरिंग करता दिख रहा है। उसके बाद अनुज अपनी मां, बहन और छोटे भाई से बंदूक से हर्ष फायरिंग कराते हुए वीडियो बनाता है।
यह भी पढ़ें : MEERUT: सोतीगंज के कबाड़ियों की 50 करोड़ की प्रॉपर्टी चिन्हित, जल्द होगी बड़ी कार्रवाई
बुधवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर अनुज ने वायरल कर दिया। वीडियो देखकर पुलिस अधिकारियों ने जांच कराई। जिसमें अनुज और उसके परिवार का पता चला। भावनपुर पुलिस ने जगदीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सदर देहात पूनम सिरोही का कहना कि यह वीडियो धनतेरस का बताया गया है। भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। फरार अनुज की तलाश में दबिश जारी है। बंदूक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया और उसके लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
नंदन सिनेमा के सामने युवक पर हमला
मेरठ। गढ़ रोड स्थित नंदन सिनेमा के सामने बुधवार रात में महिला के साथ घूम रहे कंकरखेड़ा निवासी रोहित नितिन पर 5-6 युवकों ने हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस रोहित का उपचार कराने के बाद पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस के मुताबिक कंकरखेड़ा निवासी रोहित अपनी परिचित महिला के साथ नंदन सिनेमा के सामने घूम रहा था। इसी दौरान 5-6 युवक वहां पहुंचे जिन्होंने रोहित पर हमला करते हुए लात-घूसों से पिटाई शुरू कर दी। सड़क पर युवक की पिटाई होते देख किसी राहगीर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर वहां से फरार हो गए। पुलिस पूछताछ में घायल ने हमलावरों के बारे में किसी तरह की जानकारी होने से इन्कार किया है।