कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को यूपीटीईटी दो पालियों में आयोजित की जा रही है। बारिश के चलते अभ्यर्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।जिले में 54 केंद्रों पर 46,548 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का निर्धारित समय पहली पाली 10 से 12:30 व दूसरी पाली की 2 से 5:30 पर संपन्न होगी।
प्रमुख सचिव दीपक कुमार ने सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा को सफल बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। पहली पाली के लिए सुबह 8 बजे व दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे से प्रवेश शुरू होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि पहली पाली में 26,375 और दूसरी पाली में 20,173 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
नि:शुल्क यात्रा के लिए प्रवेश पत्र कॉपी अनिवार्य
अभ्यर्थियों को परिवहन निगम व सिटी बस में निशुल्क यात्रा के निर्देश दिए गए हैं। जिसके लिए प्रवेश पत्र की कॉपी परिचालक को साइन करके देनी होगी। अभ्यर्थी सैनिटाइजर भी साथ लाएंगे। परिवहन निगम की बसों में 22 से 24 तक व सिटी बसों में 22 से 23 जनवरी तक निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।