दो महिला समेत तीन आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ, तीन भागे
बच्चे की मौत होने पर महिलाओं ने एक साल पहले खेत में दफनाया था
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कंकरखेड़ा। पावलीखास रोड पर खेत में शनिवार देर शाम दो महिला समेत छह लोगों पर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगा ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों का गुस्सा देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की लेकिन दो महिला समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को लेकर थाने आ गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे स्थित जटौली निवासी ग्रामीण किसान कृष्णकुमार ने बताया कि उनका पावलीखास रोड पर वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के पास में खेत है। शनिवार कृष्णकुमार अपने खेत पर ट्यूबवेल चलाने के लिए गए थे। जहां उन्होंने देखा कि छह लोग उनके खेत पर कुछ कर रहे हैं। किसान ने फोन कर अपने परिजनों व पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में पता चला की सभी लोग दायमपुर गांव के रहने वाले हैं।
जहां महिलाओं ने बताया कि उनके बच्चों की एक वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। जिसके बाद उन्होंने बच्चे को किसान के खेत में दफना दिया था। वह शनिवार को बच्चों की कब्र पर एक व्यक्ति के कहने पर पूजा-पाठ करने आए थे। घटनास्थल के आसपास कोल्डड्रिंक बिस्किट व अन्य सामान बरामद हुआ। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।