मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित शिव शांति अस्पताल में शनिवार को एक मरीज की मौत के बाद परिजनों और विभिन्न संगठनों ने जमकर हंगामा किया। डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए भावनपुर थाने और सीएमओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मूल रूप से बिजनौर के मंडावर निवासी सुमित (25 वर्ष) का मवाना में एक्सीडेंट हो गया था। उसे 4 जनवरी को गंभीर हालत में शिव शांति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान शनिवार को सुमित ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मरीज की मौत की सूचना पर छात्र नेता विनीत चपराना और भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र सूद अपने कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में डॉक्टरों की टीम पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया। सूचना मिलते ही भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हंगामे और आरोपों के बीच अस्पताल के मैनेजर नासिर त्यागी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मरीज को बेहद गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। उसकी दिमाग की हड्डी और जबड़ा टूटा हुआ था। न्यूरो सर्जन और डेंटिस्ट की टीम लगातार मरीज की निगरानी कर रही थी। डॉक्टरों पर लगाए गए लापरवाही के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
लाइसेंस निरस्त करने की मांग
छात्र नेता विनीत चपराना ने इस मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से लिखित शिकायत की है। उन्होंने अस्पताल के प्रबंधन और उपचार की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।