थाने के सामने शव रखकर हंगामा, मेरठ-गढ़ मार्ग एक घंटा जाम
किठौर। ग्राम गेसूपुर सुमाली से दो दिन पूर्व लापता युवक का शव उत्तराखंड के देवप्रयाग में मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। परिजन शव लेकर किठौर पहुंचे तो ग्रामीणों व महिलाओं ने शव को थाने के सामने रखकर हंगामा कर दिया। हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मेरठ-गढ़ मार्ग पर एक घंटा जाम लगा रहा, जिस कारण यात्री परेशान हो गए।
थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि ग्राम गेेसूपुर सुमाली निवासी राजवीर उर्फ राजू (20) पुत्र सतीश पुताई का काम करता था। कई दिनों से वह क्षेत्र के जड़ौदा में काम करा था। 18 नवंबर को वह लापता हो गया था। राजू का शव शनिवार को उत्तराखंड के देवप्रयाग में एक पेड़ पर लटका मिला। वहीं पर पुलिस को राजू की बाइक मिली। उत्तराखंड पुलिस ने रविवार को थाने पर इसकी सूचना दी। पुलिस ने गेसूपुर सुमाली जाकर राजू के परिजनों को जानकारी दी। परिजन उत्तराखंड पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराकर रविवार को ले आए। राजू के पिता सतीश ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की हत्या की गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच की जाए। सतीश व ग्रामीणों ने महमदूपुर गढ़ी तथा जड़ौदा निवासी दो लोगों पर हत्या करने का शक जताया। राजू की कॉल डिटेल निकलवाकर जांच कराने की मांग की। सूचना पर मुंडाली और खरखौदा थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। वहीं, जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे यात्री बुरी तरह परेशान हो गए।