मेरठ-----लावड़ में स्वकर प्रणाली के विरोधमें हंगामा करते हुए लोग
लावड़। शासनादेश के बाद नगर पंचायतों में स्वकर प्रणाली लागू किए जाने, गृहकर बढ़ाने और लाइसेंस शुल्क लगाने पर कस्बे के तमाम व्यापारियों ने हंगामा करते हुए पैदल मार्च निकाला। इस दौरान नगर पंचायत मुर्दाबाद के नारे लगे। जिसके बाद व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपा।
लावड़ नगर पंचायत द्वारा शासनादेश के आधार पर स्वकर प्रणाली व लाइसेंस शुल्क लागू किया जा रहा है। इसका व्यापारी व कस्बे के लोग विरोध कर रहे हैं। सोमवार को कस्बे के सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला। हाथों में तख्ती लेकर नगर पंचायत पहुंचकर घेराव किया।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार शर्मा व चेयरपर्सन आफताब बेगम को कस्बे के लगभग 500 से अधिक लोगों की ओर से अलग-अलग शिकायत पत्र के साथ ज्ञापन सौंपा। नेतृत्व कर रहे भाजपा के ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मोहन सैनी ने बढ़े गृह कर और लाइसेंस शुल्क को वापस नहीं लेने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
व्यापारी गौरव गुप्ता ने शुल्क को नियमानुसार कम करने और व्यापारियों पर लगने वाले लाइसेंस शुल्क को खत्म करने की मांग की। व्यापारी संजय गुप्ता ने ईओ से नगर को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में सवाल किए।