गुरुवार को किशनपुरी में दो बदमाशों ने घर में घुसकर स्पोर्ट्स कारोबारी धनकुमार जैन की हत्या कर दी थी। उनकी पत्नी अंजू को भी गोली मारी थी। इसके बाद घर के अन्य लोगों को बंधक बनाकर नगदी और जेवर लूट ले गए थे। अंजू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह चार बजे इलाज के दौरान अंजू की भी मौत हो गई।
अंजू की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्रीय लोग और व्यापारी कारोबारी के घर के बाहर जमा होने लगे। तनाव भरे हालात को देखते हुए कारोबारी के घर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही तमाम व्यापारी वहां पहुंच गए। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घर के सामने गांधी मार्ग पर धरना देकर बैठ गए।
इसके बाद अंजू का शव घर में अंदर रखकर पीड़ित परिवार के सदस्य भी धरने पर बैठ गए। हत्यारों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी पीयूष कुमार, सीओ कोतवाली अमित राय, सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह ने 24 घंटे के अंदर हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
व्यापारियों ने पुलिस को 48 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर हत्यारों को पकड़ने का समय देते हुए कहा कि इस अवधि में अगर दोहरे हत्याकांड का खुलासा नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन को मजबूर होंगे। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा सका।
कंकरखेड़ा के फाजलपुर गांव तक दिखाई दिए हत्यारे
स्पोर्ट्स कारोबारी की हत्या के लूट मामले में जांच में लगी पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बाइक पर सवार हत्यारे कई जगह दिखाई दिए। दोनों हेलमेट पहने हुए थे, जिस कारण उनका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने हत्यारों को कंकरखेड़ा के फाजलपुर गांव तक सीसीटीवी के माध्यम से ट्रेस किया। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। ऐसे में अब पुलिस की टीम उसी एरिया में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: UP: सीमा हैदर को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट, अब पाकिस्तान भेजने की तैयारी, आखिर किसने बुक कराई फ्लाइट की टिकट