भारतीय किसान यूनियन की ओर से प्रयागराज में आज से चिंतन शिविर आयोजित किया जा रहा है। गन्ना मूल्य और किसानों की विभिन्न समस्याओं पर मंथन किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए सैकड़ों की संख्या में मंगलवार को भाकियू कार्यकर्ता संगम एक्सप्रेस से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि इसे लेकर संगठन की ओर से रेलवे अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। संगठन की ओर से किसानों की समस्याओं को लेकर सिटी स्टेशन पर रवाना होने से पहले एक बैठक की जाएगी और अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
मुजफ्फरनगर में भाकियू के युवा नेता गौरव टिकैत ने बताया कि प्रदेश भर से किसानों के प्रयागराज पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मुजफ्फरनगर से किसान मंगलवार को बड़ी संख्या में रवाना होंगे। 18 जनवरी तक यह शिविर चलेगा। गन्ना मूल्य, आवारा गोवंशीय पशुओं समेत खेती किसानी से जुड़े अन्य मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।