सीएम योगी बोले- आरोपियों के खिलाफ की जाएगी कठोरतम कार्रवाई
उक्त परीक्षा के संबंध में जारी एसटीएफ की जांच और अब तक की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की मेहनत से खिलवाड़ और परीक्षा की शुचिता से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी तय है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गृह विभाग ने परीक्षा निरस्त करने का आदेश भी जारी कर दिया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर गृह विभाग ने परीक्षा निरस्त करने का आदेश भी जारी कर दिया है। जारी आदेश के मुताबिक17 व 18 फरवरी, 2024 को सम्पन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा के संबंध में प्राप्त तथ्यों एवं सूचनाओं के परीक्षण के आधार पर शासन द्वारा शुचिता एवं पारदर्शिता के उच्चतम मानकों के देखते हुए इस परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
प्रदेश भर में पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों के बाद से ही अभ्यर्थी परीक्षा का रद्द कराने की मांग कर रहे थे। पश्चिमी यूपी में अभ्यर्थियों ने जगह- जगह प्रदर्शन कर रहे थे और इस परीक्षा को रद्द कराने की मांग पर अड़े थे।
छह माह के भीतर फिर से होगी परीक्षा, निशुल्क उपलब्ध होंगी परिवहन सेवाएं
शासन ने भर्ती बोर्ड को यह निर्देश दिए हैं कि जिस भी स्तर पर लापरवाही बरती गई है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शासन ने प्रकरण की जांच एसटीएफ से कराये जाने का निर्णय लिया है, दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों अथवा संस्थाओं के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
शासन ने छह माह के भीतर पूर्ण शुचिता के साथ दोबारा परीक्षा आयोजित करने व उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सेवा से अभ्यर्थियों को निशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।