फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: मेरठ के फलावदा में पिटबुल का किशोर पर हमला, नगर निगम की नींद टूटी, डीएफओ ने पल्ला झाड़ा

Sat, 28 Oct 2023 12:07 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ के फलावदा में पिटबुल ने हमला कर किशोर पर हमला कर घायल कर दिया। घायल किशोर का मवाना सामुदायिक केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया।जिले में आवारा कुत्ते भी रोजाना बच्चे और महिलाओं पर हमला कर रहे हैं। 
विज्ञापन
पिटबुल का किशोर पर हमला - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रतिबंधित और आवारा कुत्तों का जिले में आतंक है। प्रतिबंधित पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने फलावदा में किशोर पर हमला बोल दिया। लहूलुहान किशोर चिल्लाता रहा और कुत्ता उसको नोचता रहा। किशोर की चीख सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। घायल किशोर का मवाना स्थित सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया गया। लोगों में आक्रोश है कि शहर और देहात में लगातार कुत्ते बालक व महिलाओं को नोच रहे हैं, लेकिन पशु कल्याण विभाग की नींद नहीं टूट रही।

विज्ञापन


फलावदा के नंगला हरेरू गांव निवासी उस्मान का 14 साल का पुत्र अरमान दुकान से सामान लेकर घर जा रहा था। इस दौरान पड़ोसी साजिद के पालतू कुत्ते (पिटबुल) ने किशोर पर हमला बोल दिया। उसे 3-4 जगह से कुत्ते ने नोच दिया। लोगों ने जैसे-तैसे कर बालक को बचाया और फिर इलाज के लिए मवाना भेज दिया। बालक के परिजनों ने कुत्ते के मालिक से शिकायत की तो उन्होंने पथराव कर दिया।

इसकी जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। उस्मान की पत्नी लाईका ने साजिद, नवाब, वसीम, आमिर, मतीन, आशु, शहजाद, ऐजाद व शम्मी पर कार्रवाई की मांग करते हुए फलावदा थाने में तहरीर दी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने पहले भी कई लोगों पर हमला किया है। शिकायत करने पर कुत्ते के मालिक और उसके परिवार लोगों पर हमला कर देते हैं।

विज्ञापन

नगर निगम की नींद टूटी, डीएफओ ने पल्ला झाड़ा
जिले में आवारा कुत्तों और बंदरों के आतंक की लगातार शिकायत के बाद नगर निगम की नींद टूटी है। शुक्रवार दोपहर सूरजकुंड स्थित महापौर के कैंप कार्यालय में कुत्तों और बंदरों पर शिकंजा कसने के लिए महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने नगरायुक्त और डीएफओ के साथ बैठक की।

डीएफओ राजेश कुमार ने कहा कि बंदरों को पकड़ने या उनको वैक्सीन लगाने का कोई प्रावधान उनके विभाग में नहीं है। वह बंदरों पर शिकंजा नहीं कसेंगे। कहा गया कि बंदरों को एक जगह से पकड़कर दूसरी जगह छोड़ने का कोई विकल्प नहीं बनता है। जिसको लेकर बैठक में गहमागहमी भी हुई।

नगर आयुक्त डॉ. अमित पाल शर्मा ने बताया कि कुत्तों की नसबंदी और एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने का काम निगम द्वारा कराया जा रहा है। अभियान में तेजी लाई जाएगी, ताकि खूंखार कुत्तों से लोगों को बचाया जा सके। बैठक में पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह, पंकज कुमार, सुनील कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे। 

आवारा कुत्तों और बंदरों की लगातार शिकायत आ रही हैं। इसको लेकर नगर आयुक्त और डीएफओ को बुलाकर बैठक की गई। प्रतिबंधित और आवारा कुत्तों पर शिकंजा कसने की कार्ययोजना बनाई गई है। - हरिकांत अहलूवालिया, महापौर 

प्रतिबंधित कुत्ते पालने वालों को निगम द्वारा नोटिस भेजा जाएगा। पालतू कुत्तों का निगम में रजिस्ट्रेशन कराएं और उनको लगातार एंटी रेबीज वैक्सीन लगवा लें। - डॉ. अमित पाल शर्मा, नगर आयुक्त
विज्ञापन

कुत्तों की बधियाकरण के लिए खुलेगा दूसरा एबीसी सेंटर, 1.60 करोड़ मंजूर
मेरठ जिले में कुत्तों की बढ़ती संख्या को देखते उनकी बधियाकरण व एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के लिए दूसरा एबीसी (एनिमल बर्थ सेंटर) के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। शासन ने 1.60 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। 80 लाख नगर निगम को मिल गए। 

पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि जिले में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने जिले में दूसरा एबीसी सेंटर खुलने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शुक्रवार को प्रस्ताव शासन ने पास कर दिया है और 1.60 करोड़ दूसरा सेंटर खोलने के लिए पैसा स्वीकृत भी किया है। 

80 लाख रुपए नगर निगम को भेज दिए गए। अभी तक मेरठ में परतापुर में सिर्फ एबीसी सेंटर था। इसमें सिर्फ 50 कुत्तों के बधियाकरण करने की क्षमता थी। अब  दूसरे एबीसी सेंटर में कुत्तों के बधियाकरण और एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने का कार्य होगा। 

27 आवारा कुत्ते पकड़े
लक्खीपुरा में आवारा कुत्तों के आतंक के चलते शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने दूसरे दिन भी लिसाड़ीगेट में अभियान जारी रखा है। नगर निगम की टीम ने 27 आवारा कुत्तों को पकड़ा। नसबंदी और एंटी रेबीज वैक्सीन लगाकर कुत्तों को छोड़ दिया है। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि अभियान में तेजी लाई जाएगी। दिनभर आवारा कुत्तों का पकड़ने के लिए टीम लगी रहीं। शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें